ट्रेन के शुभारंभ के बाद अनुप्रिया ने कहा कि यह ट्रेन हर स्टेशन पर रुकेगी इसलिए कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद से मुगलसराय के बीच मेमू की मांग लंबे समय से हो रही थी। बड़ी संख्या में मिर्जापुर और आसपास के लोग काम धंधे के लिए रोजाना इलाहाबाद और वाराणसी आते-जाते थे। इस ट्रेन से लोगों को विंध्याचल आने में भी आसानी होगी।
अनुप्रिया ने कहा, “हमारी कोशिश होगी कि मीरजापुर स्टेशन का सर्वांगीण विकास हो। स्वचालित सीढ़ी, फुट पाथ वे, फूड प्लाजा, यात्री सीटें, दक्षिण तरफ नया गेट व टिकट काउंटर का निर्माण जल्द शुरू होगा।”
उन्होंने कहा कि केंद्र से प्रदेश सरकार को धन मिलता है, लेकिन उसका बंदरबांट कर लिया जा रहा है। सूखा राहत का धन सरकार ने मिल-बांट लिया। जनता को समझना होगा कि प्रदेश में किसकी सरकार बने।
अनुप्रिया ने कहा कि जनता ने सपा और बसपा सरकार का ‘गुंडाराज’ देख लिया है। उन्हें पता है कि देश के साथ प्रदेश में भी राजग की सरकार बनेगी, तभी विकास संभव है। इसलिए अगले विधानसभा चुनाव मे सब लोग मिलकर प्रदेश की जनविरोधी, भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार को उखाड़ फेंकें।
वहीं कांग्रेस के सवाल पर उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस मरणासन्न हो चुकी है। अब उसमें जान फूंक पाना मुश्किल है। रही बात शीला दीक्षित की, तो उनका उत्तर प्रदेश में संघर्ष का कोई इतिहास नहीं है। वह दिल्ली में वाटर टैंकर घोटाले का दाग लेकर आ रही हैं।
dharmpath.com dharmpath