नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत 17 जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह के अंत तक 11 राज्यों के कुल 141 गांवों में बिजली पहुंचाई गई।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, “जिन गांवों में बिजली पहुंचाई गई है, उनमें असम के 31, मेघालय के 56, ओडिशा के 23, राजस्थान के नौ, अरुणाचल प्रदेश व बिहार के नौ-नौ, मिजोरम के चार, झारखंड व मध्य प्रदेश के तीन-तीन तथा हिमाचल प्रदेश व त्रिपुरा के एक-एक गांव शामिल हैं।”
बयान के मुताबिक, 17 जुलाई तक देश के कुल 8,960 गांवों में बिजली पहुंचाई गई।
बाकी के 8,995 गांवों में से 6,009 को ग्रिड से, 2,657 गांवों को गैर ग्रिड से और 329 गांवों में राज्य सरकार द्वारा बिजली पहुंचाई जानी है। बयान के मुताबिक, 497 गांव निर्जन हैं।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि गोवा में जून में ऊर्जा मंत्रालय की बैठक के दौैरान, केंद्र सरकार व राज्यों ने 2016 के अंत तक सभी गांवों तक बिजली पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया, जिसकी वास्तविक समय सीमा एक मई, 2018 है।
dharmpath.com dharmpath