नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष एन.रामचंद्रन ने सोमवार को कहा कि वह देश के ओलम्पिक संघ को अमेरिकी समकक्ष के समान चाहते हैं।
रामचंद्रन ने कहा कि वह चाहते हैं कि आईओए भी अमेरिकी ओलम्पिक संघ के समान आत्मनिर्भर हो।
आईओए अध्यक्ष ने कहा, “अगले कुछ साल में मैं आईओए को अमेरिकी ओलम्पिक संघ करे समान कार्य करते देखना चाहता हूं। अमेरिका में संघ धन के लिए सरकार पर आश्रित नहीं रहता।”
रियो ओलम्पिक में हिस्सा लेने जा रहे भारतीय खिलाड़ियों को संबोधित करने के लिए आयोजित समारोह में रामचंद्रन ने यह बात कही।
उन्होंने कहा, “मुझे यह पता नहीं कि यह मेरे कार्यकाल के दौरान होता है कि नहीं, लेकिन मैं चाहता हूं कि आईओए धन के लिए अपने स्वयं के स्रोत ढूंढे। वो भी बिना किसी पर आश्रित रहे। वर्तमान में आईओए का ब्रैंड मूल्य 500 करोड़ रुपये है।”
एथलीटों को शुभकामनाएं देते हुए रामचंद्रन ने कहा कि हर बार पदक जीतना ही मायने नहीं रखता। इस प्रकार के खेलों के लिए क्वालीफाई करना भी अपने आप में एक बड़ी बात है।
भारत के इतिहास में अब तक ओलम्पिक खेलों में हिस्सा लेने वाली यह सबसे बड़ी टीम है, जिसमें 67 पुरुष और 54 महिला एथलीट शामिल है। कुल एथलीट 121 हैं।
रामचंद्रन के अलावा इस समारोह में आईओए के महासचिव राजीव मेहता, खेल सचिव राजीव यादव, आईओए कोषाध्यक्ष अनिल खन्ना, साई डीजी इंजेती श्रीनिवास, चीफ दे मिशन राकेश गुप्ता, अभिनेता तथा ओलम्पिक के सद्भावना दूत सलमान खान, दिग्गज संगीतकार-गायक ए.आर.रहमान तथा उप चीफ दे मिशन आनंदेश्वर पांडे भी शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath