‘आप’ से जुड़ सकते हैं सिद्धू

नई दिल्ली, 18 जुलाई (आईएएनएस)। क्रिकेट से राजनीति में आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नवजोत सिंह सिद्धू आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम सकते हैं। सिद्धू ने सोमवार को राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

सिद्धू के ‘आप’ में शामिल होने की अटकलों की पुष्टि करते हुए पंजाब में ‘आप’ के संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर ने ट्वीट किया, “नवजोत सिंह सिद्धू और नवजोत कौर सिद्धू के कदम की सराहना करता हूं और उनका पंजाब विधानसभा चुनाव-2017 और आप पार्टी में स्वागत करता हूं।”

दिल्ली में ‘आप’ नेताओं ने सिद्धू के ‘आप’ में शामिल होने पर औपचारिक तौर पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। लेकिन, सिद्धू और उनकी पत्नी के ‘आप’ से जुड़ने की संभावनाओं से इनकार भी नहीं किया।

पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में पार्टी रणनीति के प्रभारी ‘आप’ नेता संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में ड्रग माफिया और भू माफिया के विरोध में सकारात्मक ताकतों को साथ आना चाहिए।

एक समाचार चैनल ने संजय सिंह के हवाले से कहा, “सिद्धू राजनीति में अच्छी पकड़ रखते हैं। उन्होंने पंजाब की राजनीति में अहम भूमिका निभाई है और क्रिकेट में देश को गौरवान्वित किया है। वह हमेशा से राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पंजाब से संबंधित मामले उठाते रहे हैं। सिद्धू और उनकी पत्नी समय-समय पर अकाली दल के भ्रष्टाचार और राज्य में फैले ड्रग माफियाओं के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हम उनका स्वागत करते हैं।”

हालांकि, संजय सिंह ने कहा कि अभी लोगों को सिद्धू के ‘आप’ से जुड़ने की औपचारिक घोषणा के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।

‘आप’ के मीडिया समन्वयक दीपक बाजपेयी ने कहा कि उनकी पार्टी सिद्धू के कदम की सराहना करती है और उनके ‘आप’ से जुड़ने की संभावना से इनकार नहीं करती।

बाजपेयी ने आईएएनएस से कहा, “आप के दरवाजे हर उस शख्स के लिए खुले हैं जो स्वच्छ राजनीति में विश्वास करता है और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना चाहता है। हम उनके कदम की सराहना करते हैं।”

‘आप’ के एक वरिष्ठ नेता ने पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर आईएएनएस को बताया कि सिद्धू के ‘आप’ से जुड़ने को लेकर लग रहे अनुमान सही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493