खरगोन : इंजेक्शन लगने पर 12 गर्भवती महिलाओं की तबियत बिगड़ी

खरगोन, 19 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के सरकारी अस्पताल के प्रसव वार्ड (मैटरनिटी वार्ड) में भर्ती 12 गर्भवती महिलाओं की तबियत सोमवार रात इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बिगड़ गई।

अस्पताल के अधिकारी तबियत बिगड़ने की वजह की जांच कर रहे हैं।

गर्भवती महिलाओं के परिजनों के अनुसार, प्रसव वार्ड में भर्ती 12 महिलाओं को सोमवार की रात को लगभग नौ बजे इंजेक्शन लगाए गए। इसके तुरंत बाद महिलाओं को ठंड लगने लगी, जबकि कुछ को बुखार भी हो गया।

एक भर्ती महिला की रिश्तेदार संगीता ने बताया कि रात को इंजेक्शन लगते ही महिलाओं को ठंड लगने लगी। यह समझ नहीं आ रहा है कि कौन सा इंजेक्शन लगा दिया गया जिससे महिलाओं की तबियत बिगड़ी।

सिविल सर्जन डॉ. आर के नीमा ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया है कि जो इंजेक्शन लगाए गए थे, उनकी खाली शीशियों को सुरक्षित रख लिया गया है। अभी यह पता नहीं चल सका है कि महिलाओं की तबियत कैसे बिगड़ी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493