लोकसभा का आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक ‘शून्य सहिष्णुता’ का आह्वान

नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा ने मंगलवार को वैश्विक समुदाय से आतंकवाद के खिलाफ ‘शून्य सहिष्णुता नीति’ अपनाने और दुनियाभर से इस खतरे को दूर करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

लोकसभा सदस्यों ने बांग्लादेश, फ्रांस और सऊदी अरब में हाल ही में हुए आतंकवादी हमलों में हुई मौतों पर शोक प्रकट किया।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने हाल के दिनों में देश में और विदेशों में हुई त्रासदीपूर्ण घटनाओं का विस्तृत विवरण देते हुए कहा, “ये आतंकवादी घटनाएं हमें त्रासद रूप से याद कराती हैं कि बिना किसी समझौते के आतंकवाद की बीमारी से लड़ने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा एकजुट कार्रवाई की जरूरत है।”

महाजन ने सऊदी अरब के जेद्दा में चार जुलाई को हुए आतंकवादी हमले का जिक्र करते हुए कहा, “भारत हर प्रकार के और हर रूप के आतंकवाद से लड़ने के लिए सऊदी अरब के साथ मिलकर सक्रिय रूप से काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने बांग्लादेश के ढाका में हुए आतंकवादी हमले को ‘कायरतापूर्ण हमला’ कहा और साथ ही जोर देकर कहा, “हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सरकार और बांग्लादेश के लोगों के साथ एकजुट खड़े हैं।”

महाजन ने सीआरपीएफ के जवानों और जम्मू एवं कश्मीर और महराष्ट्र के पुलगांव में नागरिकों की हत्याओं समेत देश की त्रासदीपूर्ण घटनाओं का जिक्र किया।

साथ ही उन्होंने देश के कई हिस्सों में प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुई 96 लोगों की मौतों का भी जिक्र किया।

संसद के निचले सदन के सदस्यों ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कुछ देर मौन रखा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493