पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वाहन चोर फरमान पुत्र मोईनुद्दीन निवासी पिपलीखेड़ा थाना खरखौदा जनपद मेरठ की निशानदेही पर बरामद की गईं सभी बाइक दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद व हापुड़ से चुराई गईं थीं। इनमें एक कांस्टेबल बिट्टू कुमार डाक रनर की सरकारी बाइक भी शामिल है।
एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि नगर में संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग के तहत नगर कोतवाली प्रभारी विरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा मोदीनगर रोड़ पर चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान मोदीनगर की ओर से आती दो बाइक को रुकने का इशारा किया गया। एक बाइक पर सवार फरमान को पुलिस ने रोक लिया जबकि उसके दो साथी कयूम व जुनैद निवासी पिपलीखेड़ा थाना खरखौदा जनपद मेरठ अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए।
पूछताछ में फरमान ने दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद व हापुड़ जनपद से अपने दो साथियों के साथ मिलकर बाइक चुराने की बात स्वीकार करते हुए चुराई गई अन्य बाइक भी बरामद करा दीं।
dharmpath.com dharmpath