देश भर के स्कूलों में स्थापित होंगे अटल टिंकरिंग लैब

नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। नीति आयोग ने अपने फ्लैगशिप कार्यक्रम-अटल इनोवेशन मिशन (एआईएम) के हिस्से के रूप में अटल टिंकरिंग लेबोरेटरीज (एटीएल) नामक पहल की शुरुआत की है। इस पहल के प्रभावकारी कार्यान्वयन की दिशा में एक निर्णायक पहल के रूप में नीति आयोग ने बुधवार को इंटेल इंडिया के साथ एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए। अटल टिंकरिंग लैब देश भर में स्कूलों में स्थापित किये जाएंगे। इंटेल टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस कार्य में तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।

अटल टिंकरिंग लैब की स्थापना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को ऐसा कौशल प्रदान करना और उन्हें उस प्रौद्योगिकी तक पहुंच प्रदान करना है जो उन्हें समाधान प्रस्तुत करने में सक्षम बनाएगा। राज्य में स्थित केंद्रों के रूप में दस अटल टिंकरिंग लैबों के सृजन और प्रबंधन में इंटेल साथ-साथ नेतृत्व करेगा। इन लैबों का लक्ष्य 500 समुदायों और स्कूलों में 250,000 युवाओं को भविष्य के लिए अभिनव कौशल प्रदान करना है।

युवाओं द्वारा तैयार की गई परियोजनाओं में गुणवत्तापूर्ण सुधार के लिए परामर्शदाताओं के क्षमता निर्माण और मेकर इकोसिस्टम के साथ संपर्क कायम करने, अवधारणा तैयार करने, डिजाइन के बारे में चिंतन करने और उद्योगजगत के विशेषज्ञों के माध्यम से कार्यशालाएं आयोजित करने में इंटेल की ओर से नीति आयोग को सहायता मिलेगी तथा इंटेल एक इनोवेशन फेस्टिवल का सह-नेतृत्व करेगा, जिसमें 500,000 युवा अन्वेषक अपनी पहुंच कायम कर सकेंगे।

नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत, नीति आयोग के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. सी मुरलीकृष्ण कुमार, इंटेल कॉरपोरेशन में कॉरपोरेट मामले के वाइस प्रेसिडेंट रोजालिन्ड हडनेल और इंटेल दक्षिण एशिया में कॉरपोरेट अफेयर्स ग्रुप के निदेशक किशोर बालाजी की उपस्थिति में नीति आयोग और इंटेल के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।

नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत ने कहा कि यदि भारत को अगले तीन दशकों में निरंतर 9 से 10 प्रतिशत विकास दर कायम रखना है तो हमारे लिए यह अत्यंत आवश्यक होगा कि हम अपनी समस्याओं के लिए अभिनव समाधान के उपाय करने में सक्षम हों। नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन, विशेषकर अटल टिंकरिंग लैब के बल पर लाखों की संख्या में बाल अन्वेषकों को तैयार करने में मदद मिलेगी, जो युवा उद्यमियों के रूप में विकसित होंगे और भारत का अभूतपूर्व विकास सुनिश्चित हो सकेगा।

इस अवसर पर इंटेल फाउंडेशन की प्रेसिडेंट और इंटेल कॉरपोरेशन की वाइस प्रेसिडेंट रोजालिन्ड एल हडलेन ने कहा कि इंटेल का मानना है कि युवाओं और अभिनव क्रियाकलापों में निवेश करना इस समय उतना महत्वपूर्ण है जितना पहले कभी नहीं था। यही कारण है कि पूरे भारत में टिंकरिंग लैबों की शुरूआत करने करने में अटल इनोवेशन मिशन का हिस्सा बनकर हम गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं, जो अंतत: देश के लाखों बच्चों के बीच ऐसे कौशलों का विकास करने में मददगार होगा, जो भविष्य में कुशल कामगार और प्रतिस्पर्धी बनने के लिए आवश्यक है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493