बिहार : नीतीश के गृह जिले में फहराया गया पाकिस्तानी झंडा, 1 गिरफ्तार

बिहारशरीफ, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र के एक मुहल्ले की छत पर पाकिस्तान का झंडा फहराए जाने का मामला प्रकाश में आया है।

पाकिस्तानी झंडा फहराए जाने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। हालांकि, पुलिस ने झंडे को उतार अपने कब्जे में ले लिया है और इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, बिहारशरीफ शहर के वार्ड नंबर- 36 के जामा मस्जिद के पास खरादी मुहल्ले के एक घर की छत पर पाकिस्तानी झंडा लहाराए जाने के बाद से स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश है।

स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने पाकिस्तानी झंडे को घर की छत से हटा दिया है।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि पुलिस ने झंडे को उतार लिया है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी झंडा घर की छत पर फहराने के आरोप में शबनम को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस मामले में देशद्रोह के आरोप में लहेरी थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी झंडा घर में फहराए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

उल्लेखनीय है कि राजधानी पटना में कुछ दिन पूर्व मुस्लिम संगठन से जुड़े लोगों ने पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की थी। इस मामले में पटना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493