लखनऊ, 21 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एटा में जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वालों के परिजनों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को दो लाख रुपये से बढाकर पांच-पांच लाख रुपये करने की घोषणा की है।
उन्होंने इसे दुखद घटना करार देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध शराब बनाने एवं बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
राज्य सरकार की ओर से गुरुवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई है।
बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अपने विवेकाधीन कोष से प्रभावित परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का पूर्व में ही निर्णय लिया था, लेकिन प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने आर्थिक मदद बढ़ाने का फैसला लिया।
मुख्यमंत्री से गुरुवार को आबकारी राज्य मंत्री रामकरन आर्य ने मिलकर उन्हें अवगत कराया कि घटना में जान गंवाने वाले लोग बहुत गरीब थे।
उन्होंने प्रभावित परिवारों के जीवनयापन के लिए राज्य सरकार की तरफ से पर्याप्त आर्थिक मदद देने का अनुरोध किया था।
मुख्यमंत्री ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए प्रभावित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया।
dharmpath.com dharmpath