पटना/बिहारशरीफ, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के लहेरी थाना क्षेत्र के एक मकान की छत पर गुरुवार को पाकिस्तान का झंडा फहराया गया। पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए झंडे को उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इस घटना के बाद विपक्ष ने सरकार पर सियासी हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री नीतीश पर निशाना साधा।
पुलिस के अनुसार, बिहारशरीफ शहर के वार्ड नंबर-36 स्थित जामा मस्जिद के पास खरादी मुहल्ले के एक घर की छत पर पाकिस्तानी झंडा लहाराए जाने के बाद से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।
स्थानीय लोगों ने गुरुवार सुबह इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने पाकिस्तानी झंडे को घर की छत से हटा दिया।
नालंदा के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कारवाई करते हुए झंडे को उतार अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में लहेरी थाना में देशद्रोह के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जिसमें तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी शबनम अनवर तथा साकिब अनवर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नौशाद आलम फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी झंडा फहराए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और मोदी विरोधियों को पाकिस्तान भेज दिए जाने की दो साल पहले धमकी दे चुके केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस घटना के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराया।
सिंह ने ट्वीट किया, “छद्म धर्मनिरपेक्षता व असहिष्णुता का ड्रामा और नीतीश जी की सोच के कारण उनके ही गृह क्षेत्र में पाकिस्तान का झंडा फहरा दिया गया। इसे देश बर्दाश्त नहीं करेगा।”
नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने नीतीश सरकार पर आतंकियों को प्रश्रय देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले पटना में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगे तो अब लोगों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अपने घर की छत पर पाकिस्तान का झंडा फहरा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ये घटनाएं सरकार की कार्यशैली और विफलता को प्रदर्शित कर रही है। नीतीश और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के कारण ऐसे लोगों को प्रश्रय मिल रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री और अपनी पार्टी के इकलौता विधायक जीतनराम मांझी ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने घर को भी ठीक नहीं रख पा रहे हैं। नालंदा में पाकिस्तानी झंडा फहराया जाना राजद्रोह का मामला है।
उन्होंने कहा, “नीतीश शराबबंदी को लेकर भाषण देते चल रहे हैं और उनके घर में राजद्रोह पनप रहा है।”
सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता अजय आलोक ने भी इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना की जितनी निंदा की जाए, कम है।
आलोक ने कहा कि इस घटना में जो लोग शामिल पाए जाएंगे, सभी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना शर्मनाक है और सरकार इसको लेकर गंभीर है। इस तरह के मामले बिहार के लिए ठीक नहीं है।
उल्लेखनीय है कि राजधानी पटना में कुछ दिन पूर्व मुस्लिम संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी की थी। इस मामले में पटना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
dharmpath.com dharmpath