नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी के रूप में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को राज्य के तीन दिवसीय दौरे के लिए यहां झंडी दिखाकर एक बस यात्रा को रवाना किया।
बस यात्रा का उद्देश्य राज्य में गैर-कांग्रेसी सरकारों की विफलताओं से लोगों को अवगत कराना है।
’27 साल उत्तर प्रदेश बेहाल’ के संदेश के साथ बस यात्रा पहले दिन गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा और मुरादाबाद होकर गुजरेगी और रात में बस मुरादाबाद में ठहरेगी।
अगले दो दिनों में बस रामपुर, बरेली, हरदोई, कन्नौज और कानपुर का दौरा करेगी।
इस अवसर पर पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी, राज्य में 2017 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित और नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
दीक्षित ने कहा, “हमने हमारी ’27 साल, उत्तर प्रदेश बेहाल’ यात्रा शुरू की है। मैं आपका आशीर्वाद और समर्थन चाहती हूं।”
कानपुर तक बस यात्रा के दौरान विभिन्न जगहों पर शीला दीक्षित और राज बब्बर सार्वजनिक रैलियों को संबोधित करेंगे।
बस राज्य के 90 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और यह प्रदेश में कांग्रेस की संभावना बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है। उत्तर प्रदेश में करीब तीन दशकों से पार्टी सत्ता से बाहर है।
साल 2014 के लोकसभा चुनावों में पार्टी को 80 में से केवल दो सीटें मिली थीं।
राज्य में कांग्रेस का यह दूसरा बड़ा चुनावी प्रयास है। इस सप्ताह के शुरू में पहले लखनऊ में एक’ रोड शो’ आयोजित किया गया था।
तीन बड़े नेताओं के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में प्रमोद तिवारी, मीम अफजल और पी.एल. पुनिया भी शामिल हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath