आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में सौरभ भारद्वाज के 13 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई दिल्ली के अस्पतालों और स्वास्थ्य परियोजनाओं में कथित 5,590 करोड़ रुपये के घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस के तहत की जा रही है.
मामला उस समय का है जब AAP सरकार के दौरान स्वास्थ्य ढांचे से जुड़ी 24 अस्पताल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई थी. योजना के अनुसार, इन अस्पतालों के आईसीयू यूनिट्स छह महीने में तैयार होने थे, लेकिन आरोप है कि अब तक इनमें से 50% काम भी पूरा नहीं हुआ, जबकि 800 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं.
दिल्ली की एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने जून 2024 में AAP के पूर्व स्वास्थ्य मंत्रियों सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन के खिलाफ केस दर्ज किया था. आरोप लगाया गया था कि 2018-19 में मंजूर की गई स्वास्थ्य परियोजनाओं में भारी अनियमितताएं, लागत बढ़ोतरी और फंड की हेराफेरी की गई. इसके बाद ईडी ने जुलाई 2024 में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया और आज की कार्रवाई उसी की कड़ी है.
dharmpath.com dharmpath