भोपाल-एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच कर रही सीबीआई ने गुरुवार को बड़ा कदम उठाते हुए उनकी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कई घंटे की पूछताछ के बाद सीबीआई टीम ने उन्हें हिरासत में लिया और मेडिकल जांच के लिए मेनिट परिसर ले गई। वहां एजेंसी ने अस्थायी कैंप ऑफिस भी बनाया है। मेडिकल परीक्षण पूरा होने के बाद गिरिबाला सिंह को सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीबीआई अधिकारी गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे गिरिबाला सिंह के निवास पर पहुंचे थे। यहां टीम ने लगभग सात घंटे तक लगातार पूछताछ की। शाम करीब 5 बजकर 10 मिनट पर एजेंसी ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इससे एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने अपने 17 पन्नों के आदेश में कहा था कि मामले की गंभीरता, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच की वर्तमान स्थिति को देखते हुए आरोपी को राहत देना उचित नहीं माना जा सकता।
जांच के दौरान सीबीआई ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की तकनीकी जांच भी की। एजेंसी ने गिरिबाला सिंह के घर में हाई इंटेंसिटी 3D कैमरे लगाकर पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग कराई। इसके साथ ही आसपास की इमारतों और लोकेशन को भी स्कैन किया गया ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटनास्थल पड़ोसी मकानों की छत या बालकनी से दिखाई देता था या नहीं।
dharmpath.com dharmpath