सूरत: केमिकल भरे ड्रम से गैस का रिसाव, 4 श्रमिकों की मौत

सूरत/अहमदाबाद। सूरत जिले की मांगरोल तहसील के मोटा बोरसरा जीआईडीसी में केमिकल ड्रम के गैस रिसाव के कारण बुधवार शाम 4 श्रमिकों की मौत हो गई। घटना में एक अन्य श्रमिक बेहोश हो गया जिसे अस्पताल ले जाया गया है।

घटना की खबर मिलते ही बोरसरा जीआईडीसी के नीलम इंडस्ट्रीज में पुलिस काफिला समेत जीपीसीबी की टीम पहुंच गई। गुजरात पोल्युशन कंट्रोल बोर्ड (जीपीसीबी) की टीम आसपास के क्षेत्र में गैस के दुष्प्रभाव को रोकने में जुट गई है। स्थानीय पुलिस ने मामले में आरोपित मोहम्मद पटेल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

बुधवार शाम करीब 4 बजे बोरसरा जीआईडीसी के नीलम इंडस्ट्रीज के गोदाम में 5 श्रमिक काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक केमिकल भरे ड्रम का ढक्कन हटाते ही इसमें से जहरीली गैस निकलने लगी। गैस के प्रभाव से 4 श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति बेहोश होकर गिर गया। पुलिस के मुताबिक मृतकों में इम्तियाज पटेल (45), आमिन पटेल (22), अरुण वसावा (22) और रधा रामजी (54) के नाम शामिल हैं।

घटना को लेकर मांगरोल तहसील के तहसीलदार और जीपीसीबी की टीम मौके पर पहुंच गई। मांगरोल तहसीलदार ने बताया कि बोरसरा जीआईडीसी के नीलम इंडस्ट्रीज कंपनी का मटीरियल स्टोर किया गया था। इसी केमिकल भरे ड्रम के पास 5 लोग खड़े थे। इसी दौरान ड्रम का ढक्कन हटाने के साथ ही केमिकल के फ्यूमस के कारण 5 लोग बेहोश हो गए। इन सभी को समीप के साधना अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने 4 को मृत घोषित कर दिया, वहीं एक अन्य का इलाज जारी है।

इस मामले में जीपीसीबी केमिकल समेत आसपास के क्षेत्र के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कंपनी मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493