मप्र में भारत जोड़ो यात्रा का आज अंतिम दिन

भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का रविवार को 12वां और अंतिम दिन है। आगर जिले में सबसे ज्यादा तीन दिन और दो रात रुकने के बाद देर शाम यह यात्रा मध्यप्रदेश से राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी।

यात्रा आज सुसनेर के लालाखेड़ी मालवा स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास कैंपस साइट से सुबह 6 बजे शुरू होकर अगले पड़ाव की ओर आगे बढ़ी। इस दौरान कबीर गायक पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपानिया ने भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद करीब 10 बजे यात्रा अपने पहले पड़ाव पर गर्ल्स हॉस्टल के पास सोयतकलां आगर पहुंची, जहां यात्रियों ने टी ब्रेक लिया।

यात्रा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता भी शामिल हैं। विधायक जीतू पटवारी, अरुण यादव और विक्रांत भूरिया भी यात्रा में पैदल चल रहे हैं। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने सोयत के पास देहरिया गांव में रुककर बच्चों और महिलाओं से बात की। उनसे पूछा कि कैसे हो और क्या सुविधाएं मिल रही हैं? बच्चों और महिलाओं ने परेशानियां बताईं, जिन्हें हल करने के लिए राहुल गांधी ने स्थानीय विधायक विपिन वानखेड़े और पीसीसी सदस्य भेरूसिंह बापू को निर्देश दिए। यात्रा सोयत में टी ब्रेक के बाद दोपहर 3:30 बजे फिर शुरू होगी और शाम 7 बजे यात्रा आगर जिले की सीमा पिपलेश्वर बालाजी मंदिर, डोंगरगांव पहुंचेगी। राष्ट्रीय ध्वज हस्तांतरण पधारो राजस्थान स्वागत सभा होगी। इसके बाद यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी और ग्राम चवली में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा।

राहुल एक और यात्रा निकालेंगेः कमलनाथ

सोयतकलां में ट्री ब्रेक के दौरान सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारी यात्रा को डिस्टर्ब करने के लिए हर हथकंडे अपनाए गए, लेकिन आप सबने देखा कि यात्रा कैसी रही है। राहुल गांधी एक और यात्रा निकालेंगे, जो पूर्व से पश्चिम की ओर जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने असली राहुल गांधी को देख लिया है और अब सच को जान भी गए हैं।

इस दौरान मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि भाजपा वाले यात्रा आने से पहले खिल्ली उड़ाते थे, आज उनकी नींद उड़ी हुई है। वे कहते थे कि कांग्रेस बूढ़ों की पार्टी है, इनके साथ कौन रहेगा। आज सभी ने देख लिया है कि कौन-कौन राहुल जी के साथ हैं।

 

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493