ग्वालियर-मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में वायरल और मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच स्वाइन फ्लू ने भी दस्तक दे दी है। पिंटो पार्क की शिव कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। करीब 10 दिन पहले मालदीव से लौटे बुजुर्ग को जुकाम, तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी के बाद जांच कराई गई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें बुधवार को गोला का मंदिर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज चल रहा है। इस मामले के साथ ग्वालियर में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या दो हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएमएचओ डॉ. एमएस सागर के निर्देश पर संक्रमित मरीज के घर पहुंची। टीम ने परिवार के सदस्यों की भी जांच की लेकिन किसी में स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण नहीं मिले। अधिकारियों के अनुसार, मरीज विदेश यात्रा से लौटने के कुछ दिन बाद बीमार पड़ा था। दवा लेने के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद H1N1 की जांच कराई गई। शहर में इससे पहले सामने आया स्वाइन फ्लू का मामला एक छात्र का था। उपचार के बाद उसे दो दिन पहले अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
dharmpath.com dharmpath