प्रियंका गांधी के बेटे रेहान की प्रदर्शनी से युवाओं के प्रदर्शन की 74 तस्वीरें हटाई गईं

नई दिल्ली-दिल्ली के बीकानेर हाउस पर कलाकार एवं फोटोग्राफर रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया है कि उनके एकल फोटो प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज़ फाइनल’ के शुरू होने से पहले आयोजन स्थल के प्रबंधन ने उनसे हालिया युवा विरोध प्रदर्शनों को दर्ज करने वाली करीब तस्वीरें हटाने को कहा.रेहान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे हैं.

यह पहली बार था जब रेहान अपने काम में वर्तमान समय को प्रदर्शित कर रहे थे. रेहान ने द वायर की पत्रकार अंतरा बरुआ को बताया कि 21 अक्टूबर को उनकी प्रदर्शनी शुरू होने से चंद घंटों पहले बीकानेर हाउस की तरफ से उन्हें उनके कुल 105 फोटो में से 75 को हटाने को कहा गया. उन्हें 20 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे आयोजन स्थल की तरफ से किए गए एक कॉल में बताया गया कि रेहान का के काम का कुछ हिस्सा बीकानेर हाउस की ‘नग्नता और राजनीतिक सामग्री’ से जुड़ी नीति के खिलाफ है.

जिन तस्वीरों को हटाने के लिए कहा गया है, उनमें से अधिकतर दिल्ली में हुए हालिया प्रदर्शनों से जुड़ी ब्लैक एंड ह्वाइट तस्वीरें हैं- कहीं एक अकेले प्रदर्शनकारी को पकड़ता पुलिसकर्मियों का समूह, अकेले संविधान को पकड़े खड़ा एक व्यक्ति, सुप्रीम कोर्ट तक राहुल गांधी के मार्च में उमड़ा जनसैलाब.

इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में रेहान ने लिखा, ‘आज शाम सात बजे शुरू होने वाली मेरी प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज़ फाइनल’ में प्रदर्शित अधिकांश कलाकृतियों को हटाने के लिए बीकानेर हाउस के प्रबंधन ने मुझे पांच घंटे पहले मजबूर किया. ये तस्वीरें दिल्ली में युवाओं के विरोध प्रदर्शनों की थीं. जाहिर है, यह कंटेंट ‘आपत्तिजनक’ है. उन्होंने मुझसे तिरंगे की दो तस्वीरें भी हटाने के लिए कहा. मैंने मना कर दिया. मैं भारतीय तिरंगे की तस्वीर नहीं हटाऊंगा.’

प्रदर्शनी बुधवार को निर्धारित समय पर शुरू हुई. हालांकि, इसमें करीब 40 तस्वीरें ही प्रदर्शित की गईं. वन्यजीव फोटोग्राफी, एब्सट्रैक्ट कलाकृतियों और हालिया युवा आंदोलनों की तस्वीरों वाली यह प्रदर्शनी रविवार तक चलने वाली है.

रेहान ने द वायर से कहा, ‘मुझे जो कुछ भी हुआ, उसे समझने में वक़्त लगा. मेरे लिए इन फोटोग्राफ को प्रदर्शित करना बहुत जरूरी था. आप इसका संदर्भ और मेरे बैकग्राउंड को किनारे रखके सोचिये- दिल्ली में रहने वाले एक कलाकार, जो ढेरों प्रदर्शनों में जाता है- क्या यहां उनका शो नहीं हो सकता?

रेहान वाड्रा ने बताया कि उन्होंने राजनीतिक हस्तियों को लेकर किये गए उनके पिछले काम, जो बीकानेर हाउस में ही प्रदर्शित हुए था, उसके बारे में बताया था. बुधवार को बीकानेर हाउस के प्रिंसिपल रेज़िडेंट कमिश्नर रोहित कुमार इस काम के सर्वेक्षण के लिए पहुंचे थे. द वायर ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया है. उनका जवाब आने पर इस खबर में जोड़ा जाएगा.

रेहान बताते हैं, ‘उन्होंने वहां मुझसे जो समय चल रहा है और जो संदर्भ है उसकी बात की. उनका कहना था कि पूरे शहर में किलेबंदी कर दी गई है, जो इसे राजनीतिक बनाता है; और यह सही समय नहीं है.’

About Dharm Path

Leave a Reply


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493