कोलकाता:पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में गुरुवार को मतदाताओं ने चुनाव के इस महापर्व में रिकॉर्ड तोड़ उत्साह दिखाया। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से पहले चरण की 152 सीटों पर 91.74% मतदान दर्ज किया गया। जबकि, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर 84.64% वोटिंग हुई। दोनों राज्यों में यह अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत है। खास बात यह रही कि इस बार दोनों राज्यों में पिछली विधानसभा चुनाव की तुलना में वोटिंग प्रतिशत में बड़ा इजाफा देखने को मिला है।
पश्चिम बंगाल में 2021 विधानसभा चुनाव में कुल मतदान प्रतिशत 82.30% रहा था। जबकि, पहले चरण की इन सीटों पर करीब 82.64% वोट पड़े थे। इस बार पहले चरण में मतदान सीधे बढ़कर 91.74% पहुंच गया। यानी पिछली बार की तुलना में करीब 9 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुई थी और शाम 6 बजे तक चली थी। 16 जिलों की 152 सीटों पर कुल 1,478 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हुई। यहां 3.60 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डालने के पात्र थे। इनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 थर्ड जेंडर वोटर शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath