राजगढ़-मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार सुबह तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। पचोर-सारंगपुर रोड पर पड़ाना कस्बे के पास निर्माणाधीन पुल के ऊपर से बह रहे तेज पानी को पार करने की कोशिश में एक ईको वैन नाले में बह गई। हादसे में तीन बच्चे, दो महिलाएं समेत 9 लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो युवकों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। वाहन में सवार सभी लोग देवास जिले के सतवास क्षेत्र के धांसड़ गांव के रहने वाले थे और कड़लावद गांव जा रहे थे।
हादसा पड़ाना के पास झिरी नाले पर हुआ। वहां करीब 30 फीट लंबा पुल निर्माणाधीन है। लगातार बारिश के कारण नाले का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव और अधूरे पुल की स्थिति ड्राइवर मुकेश सिंह को ठीक से दिखाई नहीं दी। उसने ईको को आगे बढ़ा दिया और कुछ ही दूरी पर वाहन पानी के बहाव में असंतुलित होकर नाले में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र परमार के मुताबिक, पुल के पास पानी भरा हुआ था और ग्रामीणों ने वाहन चालक को रोकने की कोशिश भी की थी। उन्होंने चालक से कहा था कि आगे घुटने तक पानी है और इस रास्ते से गाड़ी नहीं निकालनी चाहिए। इसके बावजूद वाहन आगे बढ़ाया गया। पुल के किनारे रेलिंग भी नहीं होने के कारण ईको तेज बहाव की चपेट में आकर नाले में चली गई।
dharmpath.com dharmpath