अखिलेश ने राज्य योजना आयोग का सदस्य, सी.पी. राय ने ठुकराया

लखनऊ, 11 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कद्दावर मंत्री आजम खां के इस्तीफे पर अभी असमंजस की स्थिति बरकरार है, इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के एक अन्य वरिष्ठ नेता डा. सी.पी. राय ने भी बगावत कर दी है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से दिए गए पद को उन्होंने यह कहकर ठुकरा दिया है कि वह इतना बड़ा पद संभालने योग्य नहीं हैं।

मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नेता डा. सी.पी. राय को राज्य के योजना आयोग का सदस्य बनाया था लेकिन उन्होंने यह कहकर पद संभालने से इंकार कर दिया है कि वह इस पद को संभालने के योग्य नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को राय को एक पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी। राय को पत्र के साथ ही मोबाइल पर मैसेज भेजा गया था कि आपको राज्य योजना आयोग का सदस्य बनाया गया है। इस पत्र के मिलने के बाद राय ने उसमें अपना अनुरोध पत्र जोड़कर उन्हें वापस भेज दिया।

राय ने आईएएनएस से इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा, “सोमवार को मुख्यमंत्री का मैसेज मिला था, जिसमें लिखा था कि आपको राज्य योजना आयोग का सदस्य बनाया गया है। इसके लिए मैंने उनका आभार प्रकट किया, लेकिन यह पद लेने से इंकार कर दिया है।”

उन्होंने कहा, “मैं इतना बड़ा पद संभालने के योग्य नहीं हूं इसीलिए इसे स्वीकार नहीं कर सकता। मैं ऐसे पद पर नहीं बैठ सकता, जहां जनता के लिए करने को कुछ नहीं हो। अत: मैं यह पद लेने में असमर्थ हूं।”

कयास यह लगाए जा रहे हैं कि बलिया से पूर्व कैबिनेट मंत्री नारद राय को बर्खास्त करने के बाद अखिलेश ने नुमाइंदगी के तौर पर डा. सी.पी. राय जैसे वरिष्ठ नेता को पद देकर समायोजित करने की कोशिश की थी, लेकिन अब उन्होंने यह पद लेने से इंकार कर दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493