अजित सिंह ने मुलायम, नीतीश के सामने रखा गठबंधन का प्रस्ताव

लखनऊ , 24 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने एक नया दांव चला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए एक मंच बनाकर एकसाथ खड़े होने की अपील की है।

अजित सिंह ने शनिवार को एक बयान जारी कर यह अनुरोध किया। उन्होंने कहा, “राजनीति के दो महापुरुषों डॉ. राम मनोहर लोहिया एवं चौधरी चरण सिंह जिन वर्गो के लिए जीवनभर संघर्षरत रहे और जिनके प्रयासों से किसानों, पिछड़े वर्गो एवं समाज के वंचित लोगों को भागीदारी मिली आज वे उपेक्षित हैं।”

चौधरी ने आगे अपने बयान में कहा है कि मौजूदा समय में किसानों की दुर्गति हो रही है। सबसे ज्यादा आत्महत्या किसान समाज के लोगों ने की है। लाभकारी मूल्य तो दूर की बात, लागत मूल्य भी प्राप्त होना दूभर हो गया है।

रालोद नेता ने कहा, “उत्तर प्रदेश दोनों महापुरुषों की जन्म एवं कर्मभूमि है। अगले वर्ष विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। समय का तकाजा है कि लोहिया एवं चौधरी साहब की नीतियों में आस्था रखने वाले दल एवं व्यक्ति एक मंच पर आएं और साथ मिलकर कार्य करें और आपसी मतभेदों को भुलाकर एक मंच पर आकर काम करें।”

अजित सिंह ने कहा, “बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं शरद यादव भी चौधरी साहब के अनुयायी रहे हैं। मैं समान विचारधार वाले व्यक्तियों एवं दलों से अनुरोध करता हूं कि संकट की इस घड़ी में एकसाथ काम करने का संकल्प लें, ताकि उप्र में चुनाव से पहले किसानों, पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों को उनका हक दिलाने के लिए कारगर मंच मुहैया हो सके।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493