भोपाल, 9 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मध्य प्रदेश के व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबाआई) को सौंपे जाने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कहा कि वह अब राहत महसूस कर रहे हैं और चाहते हैं कि मामले का सच सामने आए।
शिवराज ने यहां संवाददाताओं से कहा, “अब मैं राहत महसूस कर रहा हूं। इस मामले में सच सबके सामने आना चाहिए।”
दिल्ली से भोपाल पहुंचे शिवराज ने संवादादाताओं से कहा, “उच्च न्यायालय की ओर से गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की निगरानी में विशेष कार्य बल (एसटीएफ ) मामले की जांच में जुटा हुआ था, लेकिन प्रदेश और देश में जानबूझकर ऐसा माहौल बनाया जा रहा था, जैसे राज्य हत्याओं का प्रदेश बन गया हो।”
उन्होंने कहा, “कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोप विचलित कर देने वाले थे। ऐसे में मैंने मामले की जांच सीबीआई से कराने के लिए राज्य उच्च न्यायालय को अनुरोध-पत्र दिया।”
उन्होंने कहा, “अब सर्वोच्च न्यायालय ने मामला सीबीआई को सौंप दिया है, जिसका मैं स्वागत करता हूं।”
dharmpath.com dharmpath