गुवाहाटी, 27 अगस्त (आईएएनएस)। नवोदित अभिनेत्री-मॉडल स्वीटी बरुआ का शव यहां बुधवार को असम के मुख्य शहर में स्थित उनके फ्लैट में मिला। परिजनों ने परिचित पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि स्वीटी बरुआ का शव बोरा सर्विस इलाके में स्थित लिव इन अपार्टमेंट्स में उनके फ्लैट में सुबह करीब 11 बजे बरामद हुआ।
विवाहित स्वीटी फ्लैट में अपनी बहन के साथ रहती थीं, जबकि उनके पति और इकलौता बेटा गोलाघाट में रहते हैं।
पुलिस ने कहा कि शव पर खून के धब्बे और चोट के कई निशान हैं।
वहीं, परिवार ने स्वीटी की हत्या का आरोप उनके परिचित निबरण लहकर पर लगाया है।
स्वीटी ने असम में कुछ धारावाहिकों और विज्ञापनों में काम किया था।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमें परिजनों ने बताया कि लहकर बरुआ के फ्लैट पर बार-बार आया था। वह मंगलवार रात करीब 10.30 बजे उनके फ्लैट पर गया था और बुधवार रात करीब दो बजे वहां से निकला। हम लहकर की तलाश कर रहे हैं। वह रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स में एक कर्मचारी है।”
शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath