दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल बिहार पहुंचे, विरोधियों ने दिखाए काले झंडे

पटना, 27 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। केजरीवाल का विरोध कर रहे गांधीवादी समाजसेवी अन्ना हजारे के समर्थकों ने यहां उन्हें काले झंडे दिखाए।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आमंत्रण पर केजरीवाल लोकसेवा अधिकार अधिनयम के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पटना में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया, “दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल जब पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से बाहर निकले, तब उनका विरोध कर रहे लोगों ने उन्हें काला झंडा दिखाया।”

पुलिस ने विरोध करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

केजरीवाल का विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि उन्होंने अन्ना हजारे को धोखा दिया है। अन्ना समर्थकों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने अन्ना समर्थकों से काले झंडे छीन लिए।

इससे पूर्व हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केजरीवाल का स्वागत किया।

केजरीवाल यहां बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के बाद केजरीवाल का बोधगया जाने का भी कार्यक्रम है।

केजरीवाल ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने का समर्थन किया है। वहीं, नीतीश ने भी दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग का समर्थन किया है। इससे पूर्व नीतीश कुमार दिल्ली में केजरीवाल से दो बार मुलाकात भी कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493