असम : सीआरपीएफ के लाठीचार्ज में एक की मौत

गुवाहाटी, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। असम में सोमवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के लाठीचार्ज में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य घायल हो गए।

सरभोग निर्वाचन क्षेत्र के सफाकमर इलाके में एक मतदान केंद्र पर तैनात सीआरपीएफ जवानों द्वारा मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही किए गए लाठीचार्ज में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि मतदान के लिए पंक्ति में खड़े इंतजार कर रहे तीन मतदाता सीआरपीएफ के लाठीचार्ज में घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन एक की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई।

एक अन्य घटना में नगरबेरा के मतदान केंद्र पर सुरक्षा बलों ने मतदाताओं से झड़प के बाद गोली चला दी। लेकिन, इसमें कोई घायल नहीं हुआ।

पुलिस ने कहा कि बोको निर्वाचन क्षेत्र में नगरबेरा के मतदान केंद्र के मतदाताओं का कहना है कि सीआरपीएफ जवानों ने एक महिला मतदाता के साथ दुर्व्यवहार किया था, जिसके कारण यह झड़प हुई।

पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और इसके बाद मतदान फिर से शुरू हुआ।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ कार्यकर्ताओं ने शिकायत की है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने सोमवार सुबह मतदान के दौरान नगांव जिले के समगुरी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार जीतू गोस्वामी के वाहन पर हमला किया।

यह घटना समागुरी इलाके में हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493