हैदराबाद, 6 मार्च (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने रविवार को महिला से दुर्व्यवहार के आरोपी आंध्र प्रदेश के सामाजिक एवं जनजाति कल्याण मंत्री रावेला किशोर बाबू के बेटे रावेला सुशील से पूछताछ की। सुशील ने सुबह थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।
सुशील बंजारा हिल्स पुलिस थाने में पेश हुए और आत्मसमर्पण किया। उनके वकील उन्हें अग्रिम जमानत नहीं दिला पाए।
पुलिस ने सुशील के ड्राइवर एम. रमेश उर्फ अप्पा राव को भी गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों ने बताया कि उन दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उपायुक्त(डीसीपी) वेंकटेश्वर राव ने संवाददाताओं को बताया कि सुशील और उनके ड्राइवर से महिला की शिकायत के संबंध में पूछताछ की गई है।
वेंकटेश्वर राय ने कहा कि पुलिस उस कार की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, जिसमें सुशील सवार थे।
आरोपी को जांच के लिए सरकारी उस्मानिया अस्पताल ले जाया गया। डीसीपी ने कहा कि दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार महिला की सुरक्षा के लिए सभी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, “अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बचाने का कोई सवाल ही नहीं उठता, फिर चाहे वह कितना ही रसूख वाला क्यों न हो।”
पुलिस ने शनिवार को सुशील को नोटिस जारी कर उन्हें 48 घंटों के भीतर पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा था।
सुशील और उनके ड्राइवर के खिलाफ शनिवार को एक महिला का पीछा करने और उसे जबरन कार में खींचने के मामले में निर्भया अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना गुरुवार को पॉश इलाके बंजारा हिल्स के पड़ोस में घटी। आरोप है कि कार सवार सुशील और रमेश ने वहां से गुजर रही एक शिक्षिका पर अश्लील फब्तियां कसीं और उसका हाथ पकड़ उसे गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की।
कुछ समाचार चैनलों ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट में दिखाया कि पुलिस ने कैसे कथित तौर पर मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की।
वहीं, आरोपी सुशील ने रविवार को स्वयं को निर्दोष बताते हुए एक सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें उस रोड पर एक कुत्ते का बच्चा दिखा, जिसके बाद वह उसे गोद में उठाने के लिए कार से नीचे उतरे, जिस पर महिला ने बेबात उन पर चिल्लाना और गालियां देनी शुरू कर दी।
उन्होंने कहा, “भीड़ ने उन अज्ञात लोगों का साथ दिया, जिनका एकमात्र मकसद राजनीतिक प्रतिशोध है।”
हालांकि कुछ समाचार चैनलों ने सीसीटीवी फुटेज दिखाई, जिनमें एक कार बुर्का पहनी महिला के करीब आकर धीमी होते दिख रही है। कार अपने करीब धीमी होते देख महिला ने तेजी से आगे बढ़ना शुरू कर दिया, लेकिन कार बराबर उसका पीछा करती रही।
इस बीच, रविवार को मंत्री रावेला किशोर बाबू ने कहा कि ‘उनका बेटा सुशील निर्दोष है। उसने कुछ गलत नहीं किया।’ उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज के साथ छेड़छाड़ की गई है।
उन्होंने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी पर भी निशाना साधा। उनका आरोप है कि विपक्ष के नेता उन्हें नीचा दिखाने के लिए उनके बेटे को झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath