हैदराबाद, 13 जून (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में शनिवार को एक मल्टी यूटिलिटी व्हीकल (एमयूवी) गोदावरी नदी में गिर गई, जिसे 22 लोगों की मौत हो गई। 13 वर्षीय केवल एक बच्चे को बचाया जा सका।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना शनिवार तड़के हुई, जब एक एमयूवी डॉवलेश्वरम पुल के ऊपर से नदी में गिर गई।
मृतकों में नौ महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं। हादसे में मारे गए लोग आपस में रिश्तेदार थे और विशाखापत्तनम जिले के अच्युतापुरम गांव के रहने वाले थे। सभी तिरुपति से तीर्थाटन कर लौट रहे थे। बचाव कर्मियों ने एक 13 साल के बच्चे को बचा लिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार पहले पुल की दीवार से टकराई और फिर सीधे 25-30 फीट नीचे नदी में जा गिरी। नदी सूखी होने के कारण कार तेजी से जमीन से टकराई, जिससे सभी कार सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक सहित 21 लोगों की मौक पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ा।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना चालक और कार सवारों की लापरवाही से हुई। वाहन की क्षमता 12 लोगों की थी, जबकि उसमें 23 लोग सवार थे।
पुलिस को हादसे की सूचना सुबह पांच बजे के लगभग मिली थी। माना जा रहा है कि दुर्घटना आधी रात के बाद हुई होगी।
dharmpath.com dharmpath