लुधियाना में अमोनिया गस रिसाव से 6 की मौत (लीड-1)

लुधियाना, 13 जून (आईएएनएस)। पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना के बाहरी इलाके में अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर के पुल से टकरा जाने के बाद इसमें हुए रिसाव के कारण छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

यह घटना दिल्ली-लुधियाना राजमार्ग पर दोराहा शहर में शुक्रवार देर रात हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह ने आईएएनएस को बताया, “टैंकर रास्ते से गुजरते वक्त एक पुल की कम ऊंचाई के कारण इससे टकरा गया, जिससे इसका वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया और इसमें रिसाव शुरू हो गया।”

उन्होंने बताया कि गैस लीक के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ी। 100 से अधिक लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र से स्थानीय लोगों को बाहर निकाल लिया है और एहतियान उन्हें सुरक्षित क्षेत्रों में भेज दिया है। कई लोगों ने बेचैनी, सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की, जबकि कुछ बेहोश होकर गिर पड़े।

पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार जयानी ने चंडीगढ़ में संवाददाताओं से कहा कि उन्हें घटना की जानकारी शुक्रवार देर रात 1.30 बजे मिली।

उन्होंने कहा, “शीर्ष सरकारी पदाधिकारियों को लोगों को बचाने तथा उन्हें उचित दवाएं देने के लिए हरसंभव कदम उठाने को कहा गया है।”

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, “गैस रिसाव का प्रभाव घटनास्थल के दो किलोमीटर से अधिक के दायरे में महसूस किया गया।”

एक अधिकारी ने कहा, “घटनास्थल के आसपास रहने वाले 1,000 से अधिक लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं।”

करीब 20 मरीजों को लुधियाना के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिन्होंने आंखों में जलन और मतली आने की शिकायत की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493