आईएस को लेकर सरकार कर रही ठोस इंतजाम : राजनाथ (लीड-1)

लखनऊ, 23 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि इस्लामिक स्टेट (आईएस) के मुद्दे पर सरकार काम कर रही है। इस मसले पर ठोस इंतजाम किया जा रहा है।

राजनाथ सिंह शनिवार को यहां के जानकीपुरम में सरस्वती बालिका विद्यालय का शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

ज्ञात हो कि आईएस के तीन संदिग्ध आतंकियों को एनआईए और एटीएस की टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। मो. अलीम की लखनऊ से, जबकि इमरान और रिजवान की कुशीनगर से गिरफ्तारी हुई थी।

हालांकि, पूछताछ के बाद इमरान को छोड़ दिया गया। वहीं, एक आरोपी की अब भी तलाश जारी है।

गणतंत्र दिवस के मौके पर देश के कई हिस्सों में आईएस द्वारा विस्फोट करने की साजिश के आरोप में कई गिरफ्तारियां हुई हैं। इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियां काफी सतर्क हैं।

इससे पहले राजनाथ ने कहा कि स्कूलों की शिक्षा पद्धति लगातार बिगड़ रही है। बच्चों को जो ज्ञान दिया जा रहा है, उसमें उन्हें संस्कार भी देने की जरूरत है। ऐसा होने पर ही भारत विश्वगुरु बन सकेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी हो, जिससे लोग हमसे प्रेरित हों।

उन्होंने कहा कि हाईटेक्नोलॉजी का ज्ञान ले रहे बच्चों को सांस्कृतिक ज्ञान भी प्राप्त करना चाहिए। उम्मीद है, यहां बनने वाला सरस्वती बालिका विद्यालय बच्चों को संपूर्ण ज्ञान देगा।

इस मौके पर राम मंदिर आंदोलन से जुड़े अयोध्या के महंत नृत्यगोपाल दास ने बतौर विशिष्ट अतिथि अपने संबोधन में मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा, “अब तो केंद्र में हमारी सरकार है। कानूनी दायरे में रहते हुए अयोध्या में अब राम मंदिर का निर्माण शुरू करा देना चाहिए।”

लेकिन उनके बाद बोलने के लिए खड़े हुए देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493