आप नेता का पुलिस पर हत्या की कोशिश आरोप

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आपा) के एक नेता ने अरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की है। पुलिस ने इस आरोप को खारिज कर दिया है, साथ ही मामले की जांच का आश्वासन भी दिया है।

दिल्ली पुलिस पर यह आरोप आप नेता दिलीप पांडे ने मंगलवार देर रात लगाया। दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस. बस्सी ने बुधवार को इस आरोप का खंडन किया और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।

बस्सी ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, “मेरे करियर में ऐसा पहली बार हुआ है, जब पुलिस पर इतने गंभीर आरोप लगे हैं।”

उन्होंने हालांकि तुरंत कहा कि वह शिकायत की जांच कराएंगे। बस्सी ने कहा, “हम शिकायत की जांच कराएंगे। आप नेता को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।”

आप नेता पांडे का आरोप है कि मंगलवार रात जब वह राजेंद्र नगर पुलिस थाने के बाहर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे तो पुलिस की एक गाड़ी ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया था, लेकिन एक कार्यकर्ता ने उन्हें पीछे धकेल दिया, जिससे वह बच गए।

उन्होंने इस बारे में ट्वीट भी किया और राजेंद्र नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आप ने भी पांडे का समर्थन किया है। पार्टी ने फेसबुक पर लिखा है, “पुलिस के एक वाहन ने उस समय दिलीप पांडे को कुचलने की कोशिश की, जब वह संवाददताओं से बातचीत कर रहे थे। यह देखकर हैरानी हो रही है कि पुलिस हमें मिटाने की कोशिश कर रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493