आप विधायक जरनैल सिंह की गिरफ्तारी की मांग

नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सैकड़ों समर्थकों ने शुक्रवार को पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जरनैल सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जरनैल सिंह पर एक सरकारी अभियंता से मारपीट करने का आरोप है।

राजधानी के मध्य में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की भी मांग की। भाजपा ने यह कहते हुए केजरीवाल का इस्तीफा मांगा कि उन्होंने दिल्ली के कानून मंत्री जितेंद्र तोमर की कानून की डिग्री फर्जी होने के बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

प्रदर्शन के दौरान उपाध्याय ने संवाददाताओं से कहा, “दिल्ली पुलिस ने जरनैल सिंह के मामले को पूरी तरह अनदेखा कर दिया है। प्रथमिकी दर्ज होने के बावजूद उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है, वे क्या साबित करना चाहते हैं। जबतक जरनैल सिंह गिरफ्तार नहीं होते हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे।”

दिल्ली पुलिस ने जरनैल सिंह के खिलाफ दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के एक अभियंता से मारपीट करने और उसे अपने कर्तव्य निर्वहन से रोकने का मामला दर्ज किया है।

उपाध्याय ने कहा कि यहां तक कि केजरीवाल को भी शहर के आम लोगों के खिलाफ उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के रूखे व्यवहार पर कार्रवाई की कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा, “आप ने जनता को मूर्ख बनाया है। यह शर्म की बात है कि चुनाव के बाद आप नेता आम आदमी विरोधी हो गए हैं और केजरीवाल जी सबकुछ देख रहे हैं पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493