आम बजट : योगी ने बताया ऐतिहासिक, अखिलेश ने विनाशकारी

लखनऊ, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को लोकसभा में वर्ष 2018-19 का आम बजट पेश किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां इस बजट को लोक कल्याणकारी बताया है, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे ‘विनाशकारी’ बजट करार दिया।

योगी ने केंद्रीय बजट का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गो के सशक्तीकरण का ऐतिहासिक बजट है।

योगी ने कहा कि उन्हें पूरी तरह विश्वास है कि इस बजट से देश के चहुंमुखी विकास को और गति मिलेगी।

उन्होंने कहा, “सन् 2022 तक हर गरीब को आवास देने का प्रावधान है। इस बजट में 24 मेडिकल कालेजों में 8 यूपी को मिले हैं। इसके लिए पीएम बधाई के पात्र हैं। बजट में गरीबों को विद्युत कनेक्शन देने, उज्‍जवला योजना में आठ करोड़ कनेक्शन की जो व्यवस्था की गई है, उसका हम स्वागत करते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने वाला, देश के बुनयादी ढांचे को नया विजन देने वाला व गांव-गरीबों को आगे बढ़ाने वाला है।

दूसरी ओर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “केंद्रीय बजट जनता की परेशानियों की अनदेखी करने वाली अहंकारी सरकार का विनाशकारी बजट है।”

अखिलेश ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी ने इस बजट से साबित कर दिया कि वह सिर्फ अमीरों की हिमायती है। उन्होंने कहा कि इस बजट से गरीब, किसान, मजदूर को निराशा हुई है, वहीं बेरोजगार युवावर्ग हताश हुआ है। इस बजट ने छोटे कारोबारियों, महिलाओं, नौकरीपेशा और आम लोगों के मुंह पर तमाचा मारा है।

केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को संसद में वर्ष 2018-19 के लिए आम बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधरा आ रहा है। यह दुनिया में 7वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई घोषणा की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493