आरएसएस चला रहा केंद्र सरकार : गुलाम नबी

पटना, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद ने यहां सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री और मंत्री सिर्फ नाम के हैं, सही मायने में केंद्र सरकार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) चला रहा है।

बिहार की राजधानी में संवाददाताओं से मुखातिब आजाद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश सरकार ने बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली समेत कई क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार गंभीर नेता हैं। उनके नेतृत्व में बिहार का विकास पटरी पर आया है। कोई और आया तो विकास की रेल पटरी से उतर जाएगी।”

आजाद ने कहा कि भाजपा जबसे केंद्र की सत्ता में आई है, समूचे देश के अल्पसंख्यक डरे हुए हैं, इसलिए कि केंद्र सरकार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) चला रहा है। सरकार में प्रधानमंत्री और मंत्री सिर्फ नाम के हैं। वहीं भाजपा नेताओं के ऊटपटांग बयानों से देश का माहौल खराब हो रहा है।

उत्तर प्रदेश के दादरी में एक बेकसूर मोहम्मद अखलाक की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अखलाक की हत्या महज अफवाह की बुनियाद पर हुई है, जो बेहद शर्मनाक है।

आजाद ने कहा कि ताज्जुब की बात यह है कि हत्या के बाद दादरी पहुंचे केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा अखलाक के परिजनों से मिले, मगर मारने वालों को सजा दिलाने की बात तक नहीं की। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड के मामले में भाजपा रोज बेनकाब हो रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493