इंदौर- इंदौर में शनिवार को आयोजित होने वाले आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के 26वें मैच से ठीक पहले एक शर्मनाक घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ी शहर में पैदल टहलते समय छेड़छाड़ का शिकार हो गईं। दोनों खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू में ठहरी हुई थीं और होटल से कुछ ही दूरी पर स्थित एक कैफे की ओर जा रही थीं जब यह घटना घटी।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पैदल खजराना रोड पर स्थित कैफे द नेबरहुड जा रही थीं। इसी दौरान सफेद शर्ट और काली कैप पहने एक बाइक सवार युवक उनके पीछे लग गया। कुछ ही देर में उसने तेजी से आगे बढ़कर एक महिला खिलाड़ी को गलत तरीके से छुआ और वहां से फरार हो गया। अचानक हुई इस हरकत से दोनों खिलाड़ी घबरा गईं और तुरंत टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को इसकी सूचना की। उन्होंने खिलाड़ियों से लाइव लोकेशन लेकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना स्थल पर मौजूद एक कार चालक ने खिलाड़ियों की परेशानी देखकर उनकी मदद की और पूरी जानकारी स्थानीय पुलिस अधिकारियों को दी। कुछ ही समय में एमआईजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस की शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़ और अशोभनीय कृत्य सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान अकील नामक युवक के रूप में की जो खजराना थाना क्षेत्र का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath