उत्पाद शुल्क छोटे आभूषण कारोबारियों को तबाह करेगा : राहुल

मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार के आम बजट में गैर चांदी आभूषणों पर एक फीसदी उत्पाद शुल्क लगाए जाने का प्रस्ताव इस क्षेत्र के छोटे कारोबारी और कामगारों को ‘मार डालने की एक कोशिश’ है।

राहुल ने दक्षिण मुंबई के झवेरी बाजार में हड़ताली आभूषण कारोबारियों और कामगारों की एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “यह उत्पाद शुल्क नहीं है, बल्कि छोटे आभूषण कारोबारियों और कामगारों को मारने की कोशिश है, जिनको सरकार कुचल रही है।”

देशभर के अधिकतर खुदरा आभूषण कारोबारी दो मार्च से हड़ताल पर हैं और उत्पाद शुल्क प्रस्ताव वापस लेने की मांग कर रहे हैं, लेकिन वित्तमंत्री अरुण जेटली ने प्रस्ताव वापस लेने से इंकार कर दिया है।

राहुल ने कहा कि प्रस्तावित उत्पाद शुल्क करोड़ों छोटे कारोबारियों से व्यापार छीनकर कुछ बड़ी कंपनियों को देने की एक कोशिश है।

राहुल ने व्यापारियों को आश्वासन देते हुए कहा, “मेक इन इंडिया जरूरी है, लेकिन न्याय भी जरूरी है। कांग्रेस इस मुद्दे को संसद में उठाएगी।”

उन्होंने कहा कि सरकार एक न्यायाधीश की तरह नहीं, बल्कि वकील की तरह काम कर रही है और समाज के कमजोर तबके को परेशान कर रही है।

कांग्रेस के अन्य नेताओं में अशोक चव्हाण, पार्टी की मुंबई इकाई के प्रमुख संजय निरूपम और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा भी रैली में उपस्थित थे।

इस बीच मुंबई के आभूषण कारोबारियों के 14 अप्रैल से हड़ताल वापस लेने की अपुष्ट खबरों के बीच कारोबारियों के एक प्रतिनिधि आई. सिंघल ने कहा कि उनके एक नेता फतेहसिंह रांका को एक केंद्रीय मंत्री ने धमकी दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493