उपचुनाव : तेलंगाना के पलेरू विधानसभा क्षेत्र में मतदान शुरू

हैदराबाद, 16 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना राज्य के खम्माम जिले के पलेरू विधानसभा क्षेत्र में सोमवार सुबह उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया।

अधिकारियों ने कहा कि कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे 243 मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे तक चलेगा।

1.90 लाख से अधिक मतदाता इस चुनाव में मतदान के पात्र हैं।

पहली बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को प्रिंटर से जोड़ा गया है, जिससे मतदाता मतदान का बटन दबाने के बाद सात सेकंड के लिए अपने मतदान की प्रिंटेड पर्ची देख सकते हैं।

निर्वाचन आयोग ने चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से कराना सुनिश्चित करने के लिए 1,720 कर्मचारियों की तैनाती की है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक रामरेड्डी वेंकट रेड्डी के निधन के चलते उपचुनाव कराना अनिवार्य हो गया था। पार्टी ने उनकी पत्नी सुचरित्रा रेड्डी को मैदान में उतारा है।

सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) से सड़क एवं भवन निर्माण राज्य मंत्री टी. नागेश्वर राव उम्मीदवार हैं।

चुनाव मैदान में कुल 13 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, हालांकि यह मुख्यत: त्रिकोणीय मुकाबला है।

मतगणना 19 मई को होगी।

2014 के चुनावों में 91.46 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।

उस वक्त वेंकट रेड्डी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी स्वर्णा कुमारी को 21,863 वोटों से हराकर सीट जीती थी, जो तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) से उम्मीदवार थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493