उप्र : किसानों को मिले 23 व 28 रुपये के राहत चेक, मौत मांगी

झांसी/बांदा, 29 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक तरफ जहां प्रदेश को चमकाने की जद्दोजहद में जुटे हुए हैं, वही दूसरी ओर बुंदेलखंड के किसानों को राहत के नाम पर 23 और 28 रुपये के चेक मिल रहे हैं। आक्रोशित किसानों ने मुआवजे के बदले सरकार से मौत मांगी है।

बांदा में इस मामले को लेकर मंगलवार को किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर चेक वापस कर दिया।

वहीं, झांसी में विरोध जताते हुए किसानों ने ठीक से मुआवजा नहीं मिलने पर इसके बदले मौत की मांग की है। किसानों ने कहा कि अगर यही बर्ताव करना है तो फिर उन्हें अन्नदाता कहलाना पसंद नहीं है।

भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के बुंदेलखंड के अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार के नेतृत्व में हजारों किसान मंगलवार को मऊरानी तहसील परिसर पहुंचे। यहां सभी धरने पर बैठ गए।

इस मौके पर शिव नारायण ने कहा कि सरकार किसानों को 28 रुपये के चेक देना बंद कर दे। अगर बर्बाद किसान अपनी मनमानी और दबंगई पर आ गया तो उनसे बुरा कोई नहीं होगा। सरकार हो या प्रशासन, फिर वे किसी की नहीं सुनेंगे।

किसानों ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। अध्यक्ष ने कहा कि बुंदेलखंड के बांदा ही नहीं, झांसी में भी इतनी कम राशि के चेक देकर किसानों के साथ मजाक किया जा चुका है। शिकायत के बावजूद जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार और अधिकारियों को ये उदासीनता उन पर भारी पड़ेगी। अगर जल्दी उनकी समस्याओं को दूर नहीं किया गया तो वे तहसील में ताला लगा देंगे। इसके लिए वे जेल भी जाने को तैयार हैं।

गौरतलब है कि बीते दिनों बांदा में किसानों को 23 रुपये का चेक राहत के तौर पर दिए जाने की बात सामने आई थी। इस वजह से किसानों में काफी गुस्सा है। वहीं, बुंदेलखंड में ओलावृष्टि और सूखा पड़ने की वजह से फसलें खराब हो गई थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493