फिरोजाबाद, 10 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में मंगलवार को 13 गायें मरी हुई पाई गईं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
उप जिलाधिकारी पंकज वर्मा ने बताया कि मरी हुई गायों को देखकर लगता है कि इनकी मौत एक-दो दिन पहले हुई होगी और बाद में इन्हें ट्रक से लाकर यहां फेंक दिया गया। 12 जिंदा गायें भी यहां मिली हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह जब कुछ लोग जैती गांव के जेल रोड क्षेत्र में गए तो वहां बेहद बदबू फैली हुई थी। लोगों ने देखा कि वहां मरी हुई गायें पड़ी थीं। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। हालात को देखते हुए पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।
कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। इसके बाद कुछ सरकारी अफसर भी मौके पर पहुंचे।
भाजपा के स्थानीय विधायक मनीष असीजा ने आरोप लगाया कि गायों को काटने के लिए ट्रक में ले जाया जा रहा होगा। इसी दौरान उनकी मौत हुई। जिसके बाद उन्हें यहां फेंक दिया गया। पुलिस ट्रकों की जांच नहीं करती।
dharmpath.com dharmpath