उप्र : भर्ती नहीं ली, अस्पताल के गेट पर बच्चे का जन्म

बांदा, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में जननी सुरक्षा योजना का कोई मतलब नहीं रहा। चिकित्सकों की लापरवाही से कभी शौचालय तो कभी अस्पताल की गेट पर प्रसूताएं बच्चों को जन्म दे रही हैं। ऐसी ही एक घटना चित्रकूट के जिला अस्पताल में हुई, जहां चिकित्सकों ने प्रसूता को अस्पताल में भर्ती करने से इनकार कर दिया और उसने अस्पताल के गेट पर ही बच्चे को जन्म दिया।

उत्तर प्रदेश सरकार जच्चा-बच्चा की सुरक्षा के लिए ‘जननी सुरक्षा योजना’ चलाकर कर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, मगर सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में पलीता लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। पलीता लगाने वालों में चित्रकूट जिले के संयुक्त जिला चिकित्सालय के चिकित्सक भी शामिल हैं।

बिहारा गांव का रहने वाला विनोद पाल पत्नी सोनिया देवी को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर गुरुवार को चित्रकूट कर्वी के संयुक्त जिला चिकित्सालय ले गया, लेकिन जैसे ही चिकित्सकों को प्रसूता के पहले हुए ऑपरेशन की जानकारी मिली तो उन्होंने उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया।

परिजन बाहर ले जाने के लिए वाहन का इंतजार ही कर रहे थे कि अस्पताल के गेट पर ही 22 वर्षीया सोनिया ने एक शिशु को जन्म दे दिया। बच्चे के जन्म के बाद अस्पताल कर्मियों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती किया। कुछ दिन पूर्व भी एक प्रसूता को अस्पताल में भर्ती करने से इनकार किया गया था और उसने अस्पताल के शौचालय में बच्चे को जन्म दिया था।

बकौल विनोद पाल, “उसने अपनी पत्नी को अस्पताल में भर्ती करने के लिए डॉक्टरों से काफी आरजू-मिन्नतें की, लेकिन जैसे ही चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों को पहले हुए ऑपरेशन की जानकारी मिली तो भर्ती करने से मना कर दिया।”

पाल ने बताया, “मेरी माली हालत ठीक नहीं है, इसलिए मैं पत्नी को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए किराए की गाड़ी नहीं मंगा सका और अस्पताल के गेट पर ही डग्गामार गाड़ी का इंतजार करने लगा। पत्नी का दर्द बढ़ता चला गया और उसने गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। बच्चे के जन्म के बाद स्टाफ नर्सों ने उसे अस्पताल में भर्ती किया।”

चित्रकूट की जिलाधिकारी मोनिका रानी ने शुक्रवार को कहा कि अस्पताल के गेट पर बच्चे का जन्म चिकित्सकों की घोर लापरवाही का नतीजा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मामले की जांच करेंगे। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493