Friday , 10 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » उप्र : मुख्य सचिव के आश्वासन पर कर्मचारियों का प्रदर्शन खत्म

उप्र : मुख्य सचिव के आश्वासन पर कर्मचारियों का प्रदर्शन खत्म

लखनऊ, 23 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी में गुरुवार को एकीकृत राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले राज्य सरकार के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के सड़कों पर उतर जाने से शहर की हर सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। मुख्य सचिव आलोक रंजन के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन खत्म किया।

पुरानी पेंशन लागू करने सहित कई मांगों को लेकर ये कर्मचारी गोमती तट पर स्थित लक्ष्मण मेला मैदान में हजारों की संख्या में गुरुवार सुबह ही एकत्र हो गए थे। रैली में कर्मचारियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए।

कर्मचारियों की भारी तादाद को देखकर प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्य सचिव आलोक रंजन से संपर्क कर कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की उनसे मुलाकात कराई।

रैली का आयोजन करने वाले एकीत राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी ने बताया कि वार्ता के दौरान मुख्य सचिव से कहा कि मुख्यमंत्री से नीचे किसी भी स्तर पर बातचीत के लिए कर्मचारी तैयार नहीं हैं, क्योंकि मुख्य सचिव स्तर पर कई बार वार्ता हो चुकी है।

तिवारी ने कहा, “मुख्य सचिव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि मुख्यमंत्री के आते ही वार्ता का समय तय कर दिया जाएगा।”

इसके बाद कर्मचारी नेताओं ने विधान भवन घेराव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। रैली के बाद कर्मचारियों ने लक्ष्मण मेला मैदान से जवाहर भवन तक जुलूस निकालकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।

परिषद ने आगे के आंदोलन की भी घोषणा की है। दो अक्टूबर गांधी जयंती पर राज्य कर्मचारी सभी जिलों में गांधी प्रतिमा स्थल पर मौन धरना देंगे। 23 नवंबर को पेंशन मुद्दे पर रेलवे सहित केंद्रीय कर्मचारी संगठनों के आंदोलन में प्रदेशव्यापी बंद का आयोजन करेंगे। राज्य कर्मचारी 14 व 15 दिसंबर को दो दिनी पेन डाउन सांकेतिक हड़ताल भी करेंगे।

उप्र : मुख्य सचिव के आश्वासन पर कर्मचारियों का प्रदर्शन खत्म Reviewed by on . लखनऊ, 23 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी में गुरुवार को एकीकृत राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले राज्य सरकार के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर लखनऊ, 23 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी में गुरुवार को एकीकृत राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले राज्य सरकार के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर Rating:
scroll to top