सहारनपुर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के साथ जीत हासिल करने वाली कांग्रेस के उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अब उत्तर प्रदेश में भी पार्टी के लिए व्यापक समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। इसी के तहत उन्होंने सोमवार को सहारनपुर के पिलखनी से पदयात्रा शुरू की, जो सात किलोमीटर तक चलेगी।
राहुल गांधी की पदयात्रा पटनी में समाप्त होगी। सात किलोमीटर की पदयात्रा के दौरान वह रास्ते में कई नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित करेंगे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
पदयात्रा में उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री, उप्र के प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, उप्र विधानसभा में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर सहित कई लोग हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा से किसानों के हितों की लड़ाई लड़ते रहे हैं। वह किसानों से मिलकर उनकी समस्यओं के बारे में जानेंगे। किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा। भूमि अधिग्रहण मुद्दे पर भी वह किसानों से बातचीत करेंगे। उन्होंने मौजूदा केंद्र सरकार पर किसानों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आज किसानों की हालत सबसे अधिक खराब है। उन्हें उपज का उचित मुआवजा नहीं मिल रहा। उनकी पहली लड़ाई सहारनपुर से शुरू हो रही है, जो लंबी चलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा कि किसान बेहाल हैं। किसानों को उनकी उपज का लाभ नहीं मिल रहा है, इसलिए किसानों का दुख दर्द जानने के लिए ही राहुल गांधी पदयात्रा पर निकले हैं।
dharmpath.com dharmpath