एफटीआइआई के छात्रों के समर्थन में उतरा एफएफएसआई

नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। अभिनेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गजेंद्र चौहान को भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर छात्रों की हड़ताल के समर्थन में फेडरेशन ऑफ फिल्म सोसायटीज ऑफ इंडिया (एफएफएसआई) के उतरने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

एफएफएसआई अध्यक्ष की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस नोट में गजेंद्र चौहान की नियुक्ति को ‘संस्थान की साख पर धब्बा’ करार दिया गया।

बयान के मुताबिक, “सिनेमा और टेलीविजन के क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षण देने वाले अग्रणी संस्थान का अध्यक्ष हमेशा कोई ऐसा सदस्य होता है, जिसकी पहचान एक प्रतिष्ठित फिल्मकार के रूप में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होती है। संस्थान के अध्यक्ष के तौर पर की गई नई नियुक्ति इसके नाम पर धब्बा है।”

एफटीआईआई के छात्र गजेंद्र चौहान की नियुक्ति के विरोध मे 12 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। छात्रों का कहना है कि यह नियुक्ति राजनीतिक रूप से प्रेरित है।

चौहान की नियुक्ति के विरोध के पीछे छात्रों का तर्क है कि गजेंद्र चौहान इस पद के योग्य नहीं हैं। चौहान की पहचान बी.आर. चोपड़ा फिल्म्स के पौराणिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में युद्धिष्ठिर की भूमिका के लिए है और इसके अलावा उन्होंने कुछ हिंदी फिल्मों में छोटी-मोटी भूमिकाएं की हैं।

खबरों के मुताबिक, छात्र परिषद ने जल्द से जल्द एक योग्य, सक्षम और अनुभवी अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग रखी है, जो संस्थान की प्रतिष्ठा के साथ न्याय कर सके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493