कर्नाटक बजट में ईंधन, शराब, शीतल पेय पर कर बढ़ा

बेंगलुरू, 18 मार्च (आईएएनएस)। कर्नाटक के वर्ष 2016-17 के बजट में पेट्रोल, डीजल, बीयर, शराब और शीतल पेयों जैसे अनेक पदार्थो पर कर बढ़ाए जाने के प्रस्ताव से एक अप्रैल के बाद ये महंगे हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को बजट पेश करते हुए विधानसभा में कहा कि कर 26 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी किए जाने के कारण पेट्रोल मूल्य 1.89 रुपये प्रति लीटर बढ़ जाएगा।

उन्होंने कन्नड़ में बजट भाषण पढ़ते हुए कहा, “डीजल पर कर 16.65 फीसदी से बढ़ाकर 19 फीसदी करने से यह प्रति लीटर 89 पैसे महंगा हो जाएगा।”

इन मदों पर कर बढ़ाने के फैसले को वाजिब ठहराते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक कीमतें घटने के कारण भी केंद्र सरकार ने 2015-16 में तीन बार इन पर उत्पाद शुल्क बढ़ाया, लेकिन राज्य सरकार ने कर नहीं बढ़ाई।

उन्होंने बीयर पर उत्पाद शुल्क 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये तथा भारत में निर्मित शराब पर इसे 45 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये करने के साथ ही सभी 17 स्लैबों में शराब पर अतिरिक्त उत्पादन शुल्क चार फीसदी बढ़ाकर 12 फीसदी कर दिया।

उन्होंने कहा, “मैं बीयर पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क 135 फीसदी से बढ़ाकर 150 फीसदी करने का प्रस्ताव रखता हूं। मैं इथेनॉल को छोड़कर अन्य शराबों के निर्यात पर प्रति लीटर दो रुपये प्रशासनिक शुल्क और आयात पर एक रुपये शुल्क का भी प्रस्ताव रखता हूं।”

बजट में शीतल पेयों और कंसंट्रेट सहित एरेटेड और कार्बोनेटेड गैर-अल्कोहलिक पेयों पर वैट की दर 14.5 फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी कर दिया।

बजट में 121 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय जुटाने के लिए यात्री सेवा वाहनों पर मोटर वाहन कर बढ़ा दिया गया है।

सिद्धारमैया ने कहा, “चूंकि इलेक्ट्रिक वाहन पर्यावरण अनुकूल है, इसलिए मैं इसे पूरी तरह से कर मुक्त रखने का प्रस्ताव रखता हूं।”

बजट में मल्टी-सिस्टम ऑपरेटर और डायरेक्ट-टू-होम सेवा प्रदाताओं से वसूले जाने वाला मनोरंजन कर भी चार फीसदी बढ़ाकर 10 फीसदी करने का प्रस्ताव रखा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493