कर्नाटक विधानसभा चुनाव : येदियुरप्पा ने पर्चा भरा

बेंगलुरु, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी. एस. येदियुरप्पा ने गुरुवार को 12 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शिकारीपुरा विधानसभा सीट से अपना नामांकन भरा। पार्टी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पार्टी के प्रवक्ता एस. शांताराम ने यहां आईएएनएस को बताया, “येदियुरप्पा ने शिकारीपुरा विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन भरा।”

वह शिवामोगा जिले में स्थित अपने गृहनगर शिकारीपुरा से वर्ष 1983 से आठ बर चुनाव लड़ चुके हैं।

शिवामोगा से सांसद येदियुरप्पा (75) कर्नाटक में वर्ष 2008 से 2011 तक भाजपा के पहले मुख्यमंत्री थे। उन्हें राज्य लोकयुक्त द्वारा पता लगाए गए करोड़ों रुपये के खनन घोटाले की वजह से इस्तीफा देना पड़ा था।

वहीं, एक और भाजपा नेता के.एस. ईश्वरप्पा ने शिवामोगा विधानसभा सीट से अपना नामांकन भरा। वह राज्य विधान परिषद में पार्टी के नेता हैं।

ईश्वरप्पा वर्ष 2008 से 2013 के बीच राज्य में भाजपा की पहली सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे थे। वह शिवामोगा विधानसभा सीट से छठवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। वह वर्ष 2013 में यह सीट कांग्रेस के हाथों हार गए थे।

सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के ऊर्जा मंत्री डी.के. शिवकुमार ने रामनगर जिले के कनकपुरा सीट से अपना नामांकन भरा।

राज्यपाल वजुभाई आर. वाला की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य में 224 विधानसभा सीट पर 12 मई को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतों की गिनती 15 मई को की जाएगी।

इसके अनुसार, नामांकन भरने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल है और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493