कश्मीर में बारिश के कारण बाढ़ का खतरा नहीं : मौसम विभाग

जम्मू/श्रीनगर, 18 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में शुक्रवार को भी रुक-रुक कर बारिश जारी है। इस बीच, मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि लगातार हो रही बारिश से राज्य में बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।

राज्य के मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने आईएएनएस को बताया, “मैं इस बात को साफ कर दूं कि अब तक बारिश के कारण राज्य में बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।”

उन्होंने कहा, “हम उम्मीद लगा रहे हैं कि जम्मू एवं कश्मीर में आज (शुक्रवार) से बारिश कम होनी शुरू हो जाएगी।”

लोटस ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि अन्य तीन चार दिनों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश नहीं होगी। अगले कुछ दिनों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है, लेकिन इसमें घबराने जैसी कोई बात नहीं है, क्योंकि बारिश के कारण नदियों और अन्य जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ने की कोई संभावना नहीं है।

पिछले दो दिनों में राज्य के मौदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट हुई है।

मौसम विभाग के एक अन्य अधिकारी ने कहा, “श्रीनगर शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 1.9 डिग्री सेल्सियस था।”

अधिकारी ने बताया कि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री नीचे, पहलगाम में 1.0 डिग्री, कागरिल में शून्य से 4 डिग्री नीचे और लेह में शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि जम्मू शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, जम्मू क्षेत्र के कटरा कस्बे में 11.5 डिग्री, बटोत में 4.1 डिग्री, बनिहाल में पांच डिग्री, भदरवाह में 4.1 डिग्री और उधमपुर कस्बे में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

श्रीनगर शहर में बारिश के कारण सड़कों के गड्ढों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कश्मीर में सितम्बर 2014, में बारिश के कारण आई बाढ़ ने काफी तबाही मचाई थी, जिसका प्रभाव राज्य के लोगों पर अब भी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493