कांग्रेस ने इटली से चलाई सरकार : अमित शाह

राताबाड़ी (बराक घाटी, असम), 31 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जवाब देते हुए गुरुवार को कहा कि जब कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार सत्ता में थी, तब भारत सरकार का संचालन इटली से होता था।

बराक घाटी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “राहुल ने यहां कहा था कि जब यहां (असम) भाजपा की सरकार होगी, तो उसका संचालन नागपुर से होगा। मैं उन्हें यह बात बताना चाहता हूं कि संप्रग की सरकार 10 वर्षो तक सत्ता में रही, जिसका संचालन इटली से होता रहा।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस घुसपैठिये और शरणार्थी में अंतर नहीं समझती है। जबकि, भाजपा सरकार बांग्लादेश से न केवल घुसपैठ रोकेगी, बल्कि उन लोगों को नागरिकता प्रदान करेगी, जिन्हें धार्मिक कारणों से वहां से भगा दिया गया है।

उन्होंने कहा, “असम आंदोलन के वक्त से ही हम बांग्लादेश से घुसपैठ का विरोध कर रहे हैं। हम एक ऐसी व्यवस्था करने जा रहे हैं, जिसमें घुसपैठियों को तो भूल ही जाइए, एक चिड़िया भी देश में नहीं घुस पाएगी।”

शाह ने कहा कि केंद्र में यह भाजपा की सरकार है, जिसने उन हिंदू शरणार्थियों व प्रवासियों को नागरिकता प्रदान करने के लिए अधिसूचना जारी की है, जिन्हें धार्मिक उत्पीड़न के कारण बांग्लादेश छोड़ने पर मजबूर कर दिया गया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिंदू शरणार्थियों के प्रति जिम्मेदारी निभाने में केवल असम ही नहीं, पूरा देश योगदान करेगा।

शाह ने कहा कि कांग्रेस की उपलब्धि केवल यही है कि उसने असम में बांग्लादेशियों को घुसपैठ करने दिया।

उन्होंने कहा, “राहुल जी और सोनिया जी असम का दौरा कर रहे हैं। मैंने उनसे एक बार कहा कि असम में कम से कम अवैध घुसपैठ पर लगाम लगनी चाहिए। लेकिन, दोनों ने अपने भाषण में भी घुसपैठ का जिक्र नहीं किया।”

शाह ने कहा, “वे घुसपैठियों के बारे में कैसे बोल सकते हैं? वे ऐसा नहीं कर सकते हैं, क्योंकि अवैध बांग्लादेशी उनके वोट बैंक जो बन गए हैं।”

शाह ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि 15 वर्षो तक राज्य में शासन करने के बावजूद कांग्रेस असम की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493