चेन्नई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलनीस्वामी ने सोमवार को कहा कि तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) तंजावुर जिले में अपने कुओं के सिर्फ रखरखाव की गतिविधियां चला रहा है और मीथेन निकालने के लिए कुछ भी नहीं कर रहा है।
तंजावुर के कादिरामंगलम गांव में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने व बड़े स्तर पर प्रदर्शन पर विधानसभा में बयान देते हुए पलनीस्वामी ने कहा कि ओएनजीसी जून 2001 में जारी लाइसेंस के आधार पर कच्चे तेल की खोज कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ओएनजीसी ने 18 मई को तेल के कुओं के रखरखाव के उद्देश्य से उपकरण लगाए। लोगों को लगा कि उपकरण मीथेन निकालने के लिए लाए गए हैं और वे ओएनजीसी के खिलाफ भड़क गए।
ओएनजीसी ने बाद में दो जून से रखरखाव कार्य शुरू कर दिया।
पलनीस्वामी ने कहा कि 30 जून को कादिरामंगलम में एक पाइपलाइन से तेल लीक होने की सूचना मिलने पर ओएनजीसी अधिकारी वहां गए, लेकिन उन्हें लगभग 150 लोगों ने रोक दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समूह ने पत्थरों से पुलिस अधिकारियों पर भी हमला किया और नतीजतन भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। दस लोगों को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद ओएनजीसी के अधिकारियों ने लीक कर रही पाइपलाइन को हटा दिया और अब कादिरामंगलम में हालात शांतिपूर्ण हैं।
dharmpath.com dharmpath