कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नगर निगम ने पूरे शहर में ब्रेड के नमूने एकत्र करने और उनकी जांच करने का आदेश दिया है। पिछले दिनों सेंटर फॉर साइंस एंड एनवॉरमेंट द्वारा जारी एक अध्ययन रिपोर्ट में कहा गया था कि अधिकांश ब्रेड, बन, पाव, पिज्जा बेस तथा अन्य बेकरी उत्पादों में खतरनाक रसायन पाए गए हैं।
मेयर-इन-काउंसिल-मेंबर (स्वास्थ्य) अतिन घोष ने बुधवार को आईएएनएस से कहा, “हमने मंगलवार को अपने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की थी और उन्हें शहर के विभिन्न इलाकों से ब्रेड के नमूने लेने के लिए कहा था। ये नमूने बुधवार को किड स्ट्रीट में स्थित केंद्र सरकार प्रयोगशाला और बारासात में स्थित एक अन्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे।”
सीएसई की सोमवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया था कि देश की ब्रेड निर्माता कंपनियां आटे के प्रसंस्करण के लिए पोटेशियम ब्रोमेट और पोटेशियम आयोडेट का प्रयोग करती हैं।
पोटेशियम ब्रोमेट को 2बी श्रेणी के कैंसर पैदा करने वाले रसायन के तौर पर जाना जाता है। ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, आस्ट्रेलिया, कनाडा और श्रीलंका सहित कई देशों में यह प्रतिबंधित है।
सीएसई की रिपोर्ट के बाद सोमवार को ही भारतीय खाद्य एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने कहा था कि वैज्ञानिकों की एक समिति की सिफारिश के बाद वह भी पोटेशियम ब्रोमेट को मंजूरी वाले एडीटिव की सूची से बाहर करने पर विचार कर रहा था।
एफएसएसएआई ने यह भी कहा कि पोटेशियम आयोडेट के उपयोग पर भी रोक लगाने से पहले वह इसके विरुद्ध प्रमाणों की जांच कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath