गुड़गांव, 26 जुलाई (आईएएनएस)। गुड़गांव के एक महंगे होटल में मंगलवार को तमिलनाडु के एक 40 वर्षीय कारोबारी का शव मिला। उसके माथे पर गोली लगी हुई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कारोबारी की मौत सोमवार की रात हो गई थी।
कारोबारी की पहचान कोयंबटूर के तिरुप्पुर निवासी समीर के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि कपड़ा व्यवसायी समीर गुड़गांव के सेक्टर-29 में स्थित फर्न रेजिडेंसी होटल में 24 जुलाई को आया था। कहा जा रहा है कि वह गुड़गांव में जमीन खरीदना चाहता था और अपने साथ काफी नकदी लाया था।
शव का परीक्षण करने वाले चिकित्सक दीपक माथुर ने आईएएनएस को बताया, “उसके माथे पर एक गोली लगी है। बहुत ही नजदीक से गोली मारी गई है। उसकी मौत सोमवार की रात ही हो गई थी।”
शव के पास से 7.6 एमएम की एक गैर पंजीकृत पिस्तौल पाई गई है।
पुलिस अधिकारी सुरेंद्र सिंह फोगट ने आईएएनएस को बताया, “अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मामला हत्या का है या खुदकुशी का।”
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
dharmpath.com dharmpath